रंगों की फुहार में सराबोर हुआ नमनदीप पब्लिक स्कूल, दनुआ

चौपारण  : चौपारण प्रखंड अंतर्गत ग्राम दनुआ स्थित नमनदीप पब्लिक स्कूल में सोमवार को होली का पर्व पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। फागुन मास की पूर्णिमा पर आयोजित इस रंगोत्सव ने विद्यालय परिसर को अबीर-गुलाल की रंगीन छटा और बच्चों की खिलखिलाहट से सराबोर कर दिया। पूरा वातावरण उमंग, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत होली के सांस्कृतिक एवं पारंपरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को होली से जुड़ी पौराणिक कथाओं तथा इसके सामाजिक संदेश की विस्तार से जानकारी दी। इसके पश्चात बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम, सौहार्द और एकता का परिचय दिया।

होली मिलन समारोह का आयोजन विद्यालय के प्रधान शिक्षक सतीश केसरी के नेतृत्व में किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के मानसिक, सामाजिक एवं रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित, संयमित एवं पर्यावरण-अनुकूल होली मनाने की प्रेरणा भी दी।

विद्यालय के शिक्षक रंजन रजक ने कहा कि त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। होली हमें सभी भेदभाव भुलाकर प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

विद्यालय परिसर में हुआ मटकाफोड़ का आयोजन

होली मिलन समारोह के अवसर पर विद्यालय परिसर में मटकाफोड़ कार्यक्रम का भी उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ इस पारंपरिक खेल में भाग लिया। रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल और तालियों की गूंज के बीच बच्चों ने टीम भावना और सहयोग का सुंदर प्रदर्शन किया।

मटकाफोड़ प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कक्षा द्वितीय की छात्रा सुरभि कुमारी ने मटका फोड़कर सफलता प्राप्त की और सभी की सराहना पाई।

कार्यक्रम शिक्षकों की देखरेख में सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक महेश ठाकुर, अमित केसरी, उमेश दास, रंजन रजक, अंजलि कुमारी, मोनिका कुमारी, राखी कुमारी सहित कई अभिभावकगण उपस्थित रहे।

यह रंगारंग आयोजन सभी के मन में उल्लास, एकता और भाईचारे की भावना को और भी प्रगाढ़ कर गया। 

रिपोर्टर : अमित सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.