उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक संपन्न

पाकुड़ : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में बाल श्रम उन्मूलन हेतु गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, बैठक में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे, बैठक में श्रम अधीक्षक द्वारा जिले में संचालित बाल श्रम उन्मूलन गतिविधियों की विस्तृत अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई, उपायुक्त मनीष कुमार ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में सतत बाल श्रम विमुक्ति सह जागरूकता अभियान चलाया जाए, उन्होंने श्रम अधीक्षक एवं बाल संरक्षण पदाधिकारी को इसकी नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,

बाल विवाह पर रोक—कड़ाई से अनुपालन के निर्देश

उपायुक्त ने कहा कि बाल विवाह पूरी तरह अस्वीकार्य है और इस पर रोक लगाने के लिए सख्ती से कार्रवाई की जाएगी, उन्होंने बाल संरक्षण पदाधिकारी एवं सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें तथा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, उन्होंने जिले के सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान बाल श्रम की स्थिति पर विशेष नजर रखें तथा कहीं भी बच्चे कार्य करते पाए जाने पर तत्काल इसकी सूचना श्रम अधीक्षक को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके,

रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता—चाइल्ड लाइन को निर्देश

बैठक में चाइल्ड लाइन को निर्देश दिया गया कि रेलवे स्टेशन पर 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चे यदि बिना अभिभावक के समूह में दिखाई दें, तो उनसे पूछताछ की जाए। संदेहास्पद स्थिति होने पर तत्काल श्रम अधीक्षक एवं रेलवे पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि “बाल श्रम एवं बाल विवाह दोनों गंभीर सामाजिक अपराध हैं। इनकी रोकथाम के लिए प्रशासन, समाज एवं सभी संबंधित संस्थाओं के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

रिपोर्टर :  अभिषेक तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.