भव्य रामनवमी को लेकर महासमिति सक्रिय..
हजारीबाग : आगामी चैत्र रामनवमी 2026 को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से श्री श्री चैत्र रामनवमी महावीर झंडा महासमिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महासमिति के अध्यक्ष करण यादव उर्फ लड्डू यादव शहर के प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से मिलकर उन्हें औपचारिक रूप से कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।शनिवार को महासमिति अध्यक्ष ने सदर विधानसभा के विधायक प्रत्याशी मुन्ना सिंह से मुलाकात कर उन्हें रामनवमी के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान क्षेत्र के विकास, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को लेकर सकारात्मक चर्चा भी हुई।
इसके बाद लड्डू यादव ने हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल के झंडा चौक स्थित कार्यालय पहुंचकर उन्हें विधिवत निमंत्रण पत्र सौंपा और कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। वहीं सदर विधायक प्रदीप प्रसाद से भी उनके कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया गया।महासमिति द्वारा इस वर्ष रामनवमी को आकर्षक, अनुशासित और भव्य रूप से मनाने की व्यापक तैयारी की जा रही है। जुलूस, अखाड़ा प्रदर्शन, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। साथ ही शहर के अलग अलग क्षेत्रों में पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्यों का विभाजन किया गया है, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।महासमिति अध्यक्ष लड्डू यादव ने कहा कि रामनवमी केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और रामभक्तों से आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस मौके पर महासमिति के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। महासमिति ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से इस वर्ष हजारीबाग में रामनवमी का आयोजन नई ऊंचाइयों को छुएगा।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.