लोहरदगा में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, अधिकारियों ने किया माल्यार्पण
लोहरदगा : भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को लोहरदगा समाहरणालय के समीप अंबेडकर चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी एवं उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों एवं उनके द्वारा दी गई शिक्षा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारत के संविधान निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया, जो देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सुजाता कुजूर, एनडीसी अभिनीत सूरज समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कर्मचारी संघ के सदस्य तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रिपोर्टर : नेहाल अहमद

No Previous Comments found.