आंधी-तूफान में गरीब परिवार का आशियाना उजड़ा, सहायता की मांग
लोहरदगा : सेन्हा प्रखंड के उग्र पंचायत अंतर्गत कुरबा गांव में शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान ने एक गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक तेज हवा और तूफान आया, जिसकी चपेट में आकर सुरेंद्र लोहार, पिता स्वर्गीय चंद्र लोहार का मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आंधी के कारण घर की छत उड़ गई तथा मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है और अब मकान क्षतिग्रस्त होने से उनके सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
पीड़ित परिवार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जांच कर राहत सामग्री उपलब्ध कराने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की अपील की है।
रिपोर्टर : सत्यम कुमार


No Previous Comments found.