क्विज, विज्ञान प्रयोग, संगीत और रेन डांस ने बच्चों में भरा उत्साह

चौपारण : ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल, रानीक मोड़, चौपारण में आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर 2026 का तीसरा दिन उत्साह, ज्ञान और मनोरंजन का अद्भुत संगम बनकर सामने आया। दिनभर आयोजित विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्विज प्रतियोगिता, विज्ञान प्रयोग, संगीत गायन एवं रेन डांस जैसे कार्यक्रमों ने बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को नई पहचान दी।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को चार समूहों में विभाजित किया गया। प्रतियोगिता में ग्रुप B ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में अंश मेहता, राज जायसवाल, चाँदनी कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, संबित रंजन एवं नितिन आनंद शामिल रहे। वहीं ग्रुप D ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिसमें सुहानी कुमारी, रवि कुमार, प्रतीक यादव एवं माही कुमारी ने बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता का संचालन अजीत कुमार सिंह, शुभम कुमार एवं मीना हैम्ब्रोम ने किया।

विज्ञान शिक्षिका शीला दास द्वारा प्रस्तुत रोचक विज्ञान प्रयोग बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के सिद्धांतों को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नन्दकिशोर कुमार ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा प्रयोगात्मक शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित रेन डांस में विद्यार्थियों के साथ प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण भी शामिल हुए। बच्चों ने जमकर मस्ती की और पूरा विद्यालय परिसर उल्लास एवं आनंद से गूंज उठा। वहीं बेंजो, नाल, तबला और हारमोनियम की मधुर धुनों पर प्रस्तुत प्रेरणादायक एवं नशा मुक्ति संबंधी गीतों ने सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय के अध्यक्ष श्री अवधेश कुमार सिंह एवं सचिव श्री सर्वजीत कुमार सिंह ने दूरभाष के माध्यम से कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ग्रीष्मकालीन शिविर का तीसरा दिन विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, मनोरंजन, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास का यादगार अवसर साबित हुआ।

रिपोर्टर : अमित सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.