बड़की बांध में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत, पूरे गांव में पसरा मातम

हजारीबाग : विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अलपिटो पंचायत स्थित बड़की बांध में शनिवार शाम करीब चार बजे स्नान के दौरान एक 12 वर्षीय बालक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरज रविदास के पुत्र गणेश कुमार (12 वर्ष) के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गणेश कुमार अन्य बच्चों के साथ बड़की बांध में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। वहां मौजूद महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसे समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद ग्रामीणों ने काफी देर तक तालाब में उसकी तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद बालक का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव बाहर आते ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों की सहायता से बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विष्णुगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे अलपिटो पंचायत को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलाशयों के गहरे हिस्सों में चेतावनी बोर्ड लगाने एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा    

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.