भटकी युवती को कटकमसांडी पुलिस ने परिजनों से मिलाया....
हजारीबाग : कटकमसांडी थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए रास्ता भटक गई एक युवती को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश की तत्परता से युवती की पहचान कर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया और आवश्यक सत्यापन के बाद उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया।जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की शाम करीब आठ बजे कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश को सूचना मिली कि ग्राम बारीकोला झोंझी के आसपास करीब 18-19 वर्ष की एक युवती अकेली और भटकती हुई अवस्था में घूम रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल महिला चौकीदार के साथ पुलिस बल को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने युवती को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर कटकमसांडी थाना पहुंचाया।थाना परिसर में पुलिस ने युवती से सहानुभूतिपूर्वक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवती ने अपना नाम छोटी कुमारी तथा अपना घर कौआकोल, जिला नवादा बिहार बताया। युवती प्रथम दृष्टया मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने तत्काल कौआकोल थाना पुलिस से संपर्क कर युवती के संबंध में जानकारी साझा की और उसके परिजनों का पता लगाने का अनुरोध किया।
इसके बाद कौआकोल थाना के माध्यम से युवती के परिजनों से संपर्क स्थापित हुआ। परिजनों ने बताया कि छोटी कुमारी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और इलाज के लिए उसे सीआईपी, कांके ले जाया गया था। इलाज के बाद घर लौटने के दौरान हजारीबाग रेलवे स्टेशन के आसपास वह ट्रेन से उतर गई, जिसके बाद रास्ता भटकते हुए कटकमसांडी क्षेत्र में पहुंच गई।पुलिस की सूचना पर परिजन कटकमसांडी थाना पहुंचे। आवश्यक सत्यापन एवं पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने युवती छोटी कुमारी को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सुपुर्दगी के समय युवती सुरक्षित एवं सामान्य स्थिति में थी। पुलिस ने परिजनों को उसकी सुरक्षा और देखभाल को लेकर आवश्यक समझाइश भी दी।
कटकमसांडी पुलिस की इस कार्रवाई से एक भटकी युवती को समय रहते सुरक्षित संरक्षण मिला और वह अपने परिवार तक पहुंच सकी। युवती के परिजनों ने थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश एवं कटकमसांडी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय स्तर पर भी सराहना की जा रही है।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.