इस्कॉन झांसी में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया राधाष्टमी महोत्सव
झांसी : इस्कॉन मंदिर झांसी में श्रीमती राधारानी के प्राकट्य दिवस राधाष्टमी का महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर श्री राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक संपन्न हुआ।
महोत्सव का विशेष आकर्षण श्री वृंदावन धाम से प्रेरित विशेष पोशाक एवं श्रृंगार रहा। मंदिर अध्यक्ष ब्रजभूमि दास प्रभु ने श्रीमती राधारानी के प्राकट्य की कथा सुनाने के साथ-साथ राधा-तत्त्व, श्री राधा की कृपा प्राप्त करने का मार्ग तथा उनकी सेवा कैसे की जाए, इस विषय पर विशेष प्रकाश डाला।
इस अवसर पर भक्तों के साथ बड़ी संख्या में आए आगंतुकों को भी अपने परिवार सहित श्री राधा-कृष्ण के अभिषेक में सहभागी होने का अवसर दिया गया। श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन एवं बधाई गीतों के साथ राधारानी के प्राकट्य उत्सव की प्रसन्नता व्यक्त की।
श्री राधा-कृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसके पश्चात भव्य महाआरती हुई। उत्सव के अंत में सभी श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के लिए प्रसाद वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष ब्रजभूमि दास, उपाध्यक्ष व्रज जन रंजन दास, प्रिय गोविन्द दास, दामोदर बंधु दास एवं महेश्वर चंद्र दासअमित साहू, आशीष उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। पीयूष रावत ने सभी का आभार व्यक्त किया।
No Previous Comments found.