ज्येष्ठ पूर्णिमा के चमत्कारी उपाय: स्वास्थ्य, संतान सुख और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए विशेष टोटके
ज्येष्ठ पूर्णिमा को सनातन परंपरा में अत्यंत शुभ और पुण्यदायी माना गया है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन चंद्रमा अपनी पूर्ण कलाओं से युक्त होता है, जिससे प्रकृति, जल और वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. इसलिए इस तिथि पर स्नान, दान, जप और पूजा का विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए कुछ सरल उपाय जीवन की अनेक समस्याओं को दूर करने में सहायक होते हैं. आइए आपको इस दिन किए जाने वाले कुछ विशेष उपाय बताते हैं.
1. सेहत का वरदान
ज्येष्ठ पूर्णिमा की सुबह स्नान से पहले पूजा का संकल्प लें. यदि गंगा स्नान संभव न हो तो स्नान के जल में गंगाजल मिलाएं. स्नान से पहले जल को श्रद्धापूर्वक मस्तक से लगाएं और फिर स्नान करें. इसके बाद साफ और सफेद वस्त्र धारण कर सूर्यदेव को अर्घ्य दें तथा मंत्र जाप करें. अंत में सफेद वस्तुओं और जल का दान करें. चाहें तो इस दिन फल और जल ग्रहण कर उपवास भी रखा जा सकता है.
2. सुखी वैवाहिक जीवन
दांपत्य जीवन में प्रेम और स्थिरता की कामना करने वाले लोग स्नान के बाद बरगद के पेड़ की जड़ में जल अर्पित करें. इसके बाद पेड़ के चारों ओर पीला सूत लपेटें और वहीं बैठकर "ॐ गौरीशंकराय नमः" मंत्र का 108 बार जाप करें. अंत में सुखद और दीर्घ वैवाहिक जीवन की प्रार्थना करें. यदि संभव हो तो इस दिन बरगद का पौधा लगाना भी शुभ माना जाता है.
3. संतान सुख की कामना
संतान प्राप्ति की इच्छा रखने वाले श्रद्धालु दिन में किसी भी समय बरगद के वृक्ष के पास दीपक जलाएं और उसकी जड़ में जल अर्पित करें. इसके बाद हाथ जोड़कर संतान सुख का आशीर्वाद मांगें. धार्मिक परंपरा के अनुसार बरगद की थोड़ी-सी जड़ लेकर उसे पीले धागे में बांधकर गले में धारण करने की भी मान्यता है.
4. पुत्री के खुशहाल वैवाहिक जीवन
ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन मां लक्ष्मी को सफेद फूल, सफेद मिठाई और चांदी की कोई वस्तु अर्पित करें. पूजा के बाद ये तीनों वस्तुएं अपनी पुत्री को श्रद्धापूर्वक भेंट करें. धार्मिक मान्यता है कि यह उपाय पुत्री के वैवाहिक जीवन में सुख, सौभाग्य और समृद्धि बनाए रखने का प्रतीक माना जाता है.
5. घर के वास्तुदोष का नाश
घर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के लिए आम के 11 पत्तों को शुद्ध जल से धो लें. इसके बाद केसर में गंगाजल मिलाकर प्रत्येक पत्ते पर "श्रीं" लिखें. इन पत्तों को मौली की सहायता से वंदनवार बनाकर मुख्य द्वार पर बांध दें. मान्यता है कि इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश कम होता है और शुभ वातावरण बना रहता है.
No Previous Comments found.