जिला प्रशासन द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु जिले के सभी कार्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित
कैमूर : जिला प्रशासन द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैमूर जिले के सभी कार्यालयों में जन-संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर पंचायतों तक के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और आम नागरिकों से सीधा संवाद किया गया। जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में विभिन्न विभाग से संबंधित तीस से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए, जिसका नियमानुसार त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निदेशित किया गया। ऑनलाइन पोर्टल पर किये गए प्रविष्टि के अनुसार आज अब तक जिला मुख्यालय स्तर पर कुल 12 अधिकारियों ने 62 नागरिकों के साथ संवाद स्थापित किया। जिले के कुल 11 प्रखण्डों में 50 अधिकारियों की उपस्थिति रही, जहाँ 120 नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सबसे व्यापक प्रभाव पंचायत स्तर पर देखा गया, जहाँ 110 अधिकारियों ने कुल 435 नागरिकों से सीधा संपर्क किया। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी तंत्र को सीधे जनता के द्वार तक ले जाना है। जिला नोडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इन मुलाकातों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी और विकास योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाया जा सकेगा।
रिपोर्टर : राम प्रवेश तिवारी

No Previous Comments found.