करौदी गांव में भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख; नकद, गहने व पशुधन जलकर नष्ट
कैमूर - जिले के सोनहन थाना क्षेत्र अंतर्गत करौदी गांव में सोमवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक फूस की झोपड़ी में अचानक आग लग जाने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से घर में रखे नगद, गहने, अनाज, कपड़े सहित पशुधन जलकर नष्ट हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता अंगूरा देवी, पति अवधेश बिंद, पिता अर्जुन बिंद के घर में यह आग लगी। बताया जाता है कि अंगूरा देवी ने समूह से प्राप्त ₹1,00,000 नगद राशि खेत खरीदने के लिए घर में रखी थी, जो आग में जलकर राख हो गई। इसके साथ ही तीन थान गहने, चावल, गेहूं एवं कपड़े भी पूरी तरह जल गए।
आग की इस घटना में आठ बकरियां, चार बत्तख और एक भैंस का पड़वा (बछड़ा) भी जलकर मर गए, जिससे पीड़ित परिवार को भारी क्षति हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही भभुआ विधायक भारत बिन्द मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान ग्राम पंचायत जगेबराव के सरपंच जोखू राम, पूर्व मुखिया भारत पासवान तथा पंचायत कर्मचारी मोहम्मद तौहीद आलम भी मौके पर उपस्थित रहे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
स्थानीय प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की जा रही है।


No Previous Comments found.