कल्याण कोळशेवाडी की सप्तशृंगी इमारत में बड़ा हादसा – स्लैब गिरने से 6 की मौत, 6 घायल
कल्याण : कल्याण (पूर्व), 20 मई 2025: कल्याण के कोळशेवाडी क्षेत्र में सोमवार दोपहर को एक गंभीर हादसा हुआ, जब सप्तशृंगी हाउसिंग सोसायटी की एक पुरानी पांच मंजिला इमारत का स्लैब अचानक गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब फ्लैट नंबर 401 में रहने वाले कृष्णा लालचंद चौरसिया सोसायटी की अनुमति से अपने फ्लैट में टाइल्स लगवाने का काम करवा रहे थे। बताया गया है कि उन्होंने इस कार्य के लिए कारागीर को 7000 रुपये के शुल्क पर काम दिया था। कार्य के दौरान फ्लैट की चार स्लैब अचानक गिर गईं, जिससे यह दुखद घटना घटी।
जिम्मेदारी किसकी?
इस हादसे को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि इसके लिए कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) जिम्मेदार है या फ्लैट मालिक चौरसिया। जानकारी के अनुसार यह इमारत करीब 30 साल पुरानी और जर्जर हालत में थी। इसमें कुल 30 फ्लैट थे, जिनसे टैक्स वसूली की जिम्मेदारी KDMC के J वॉर्ड के पास थी। लेकिन टैक्स वसूलने के बावजूद KDMC ने समय पर इमारत की सुरक्षा जांच या ऑडिट क्यों नहीं की, यह अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
कानूनी कार्यवाही:
KDMC के J वॉर्ड अधिकारी की शिकायत के आधार पर, कोळशेवाडी पुलिस स्टेशन में कृष्णा चौरसिया के खिलाफ सदोष मानव वध के तहत IPC की धारा 105, 125(अ), 125(ब), MRTP अधिनियम की धारा 44 और UDCPR नियम 2(2) के अनुसार मामला क्र. 386/25 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी व बचाव पक्ष का दावा:
फिलहाल चौरसिया को गिरफ्तार कर कल्याण कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 26 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। उनके वकीलों – एडवोकेट सुगत पुणगे, तहीसीम शेख और चाँद इनामदार ने दावा किया है कि कृष्णा चौरसिया निर्दोष हैं और घटना के वक्त वह खुद बचाव कार्य में लगे हुए थे। उनका कहना है कि हादसे की मुख्य जिम्मेदार KDMC है, जिसने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की।
रिपोर्टर : दिपक मोरे

No Previous Comments found.