‘हनीमून मनाकर आईं....’महुआ मोइत्रा पर कल्याण बनर्जी की तीखी टिप्पणी
पश्चिम बंगाल की राजनीति में जबरदस्त हलचल उस वक्त मच गई, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी ने कोलकाता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ हुए गैंगरेप मामले पर विवादित बयान दिया। मामला तब और बढ़ गया जब उन्होंने पार्टी की ही नेता महुआ मोइत्रा की आलोचना पर निजी टिप्पणी कर दी।
कोलकाता लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार पर टिप्पणी करते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा: “अगर कोई दोस्त, अपने दोस्त के साथ रेप कर दे तो क्या किया जा सकता है?” उनके इस संवेदनहीन बयान की चौतरफा आलोचना हुई। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद पार्टी को सफाई देनी पड़ी।
TMC की सफाई और महुआ की तीखी प्रतिक्रिया
तृणमूल कांग्रेस ने तुरंत यह स्पष्ट किया कि यह बयान पार्टी की आधिकारिक राय नहीं है और यह सिर्फ कल्याण बनर्जी तथा विधायक मदन मित्रा की “निजी राय” है।
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने इन टिप्पणियों की तीखी निंदा करते हुए कहा: “भारत में स्त्रीविरोधी सोच हर पार्टी में है। लेकिन TMC की खासियत ये है कि हम अपनी पार्टी के नेताओं की गलत बातों की भी आलोचना करते हैं।”
कल्याण बनर्जी का निजी हमला
महुआ मोइत्रा की आलोचना से बौखलाए कल्याण बनर्जी ने उनके निजी जीवन पर हमला करते हुए कहा: “हनीमून मनाकर आईं और मुझसे झगड़ने लगीं... 65 साल के आदमी से शादी कर ली, 40 साल की शादी तोड़ दीं... ऐसी महिला को महिलाओं की बात करने का कोई हक नहीं।” उनके इस पर्सनल अटैक की व्यापक निंदा हुई, जिसे महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक और "स्त्री विरोधी मानसिकता" का उदाहरण बताया जा रहा है।
गैंगरेप केस: मामला क्या है?
घटना 25 जून को साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की है, जहां एक छात्रा ने अपने सीनियर साथियों पर गैंगरेप का आरोप लगाया। अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें कॉलेज के पूर्व और वर्तमान छात्र शामिल हैं।
एक तरफ जहां देशभर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस चल रही है, वहीं TMC जैसे दल के वरिष्ठ नेताओं की गंभीर मामलों पर लापरवाह टिप्पणियां न सिर्फ शर्मनाक हैं बल्कि राजनीतिक रूप से खतरनाक भी।
महुआ मोइत्रा जैसे नेता जब आंतरिक आलोचना करते हैं, तो उस पर निजी हमला करना राजनीतिक अपरिपक्वता और स्त्री-विरोधी मानसिकता को ही दर्शाता है। अब यह देखना बाकी है कि TMC नेतृत्व इस मामले में क्या कार्रवाई करता है — क्योंकि सार्वजनिक गुस्सा बढ़ रहा है और महिला मतदाता खासतौर पर इस पर नजर बनाए हुए हैं।
No Previous Comments found.