महिला भागीदारी के साथ हर पेड़ को मिलेगा माँ का स्नेह
कांकेर : पखांजूर के शहरी क्षेत्र में हरियाली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पंचायत पखांजूर में “Women for Tree” पहल की शुरुआत की गई है। यह परियोजना AMRUT 2.0 मिशन के अंतर्गत प्रारंभ की गई है और भारत सरकार की “एक पेड़ माँ के नाम” मुहिम से प्रेरित है। इस पहल के तहत नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा, जिसमें महिलाओं को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। प्रत्येक महिला अपने लगाए गए पौधे को अपनी माँ के नाम से जोड़ेगी और उसकी देखभाल करेगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं बल्कि उन्हें पूर्ण विकसित वृक्ष बनने तक संरक्षित करना है।कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष शंकर सरकार ने कहा कि “महिलाओं की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी पर्यावरण संरक्षण को और अधिक सशक्त बनाएगी।” वहीं स्थानीय महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे लगाए गए वृक्षों की नियमित देखभाल करेंगी। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण साहा, उपाध्यक्ष शंकर सरकार, पार्षद दीनानाथ चुरेंद्र, कमलेश पटेल, मनोज हालदार, सहायक अभियंता अभिषेक दत्ता, महिला समिति समूह के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ उपस्थित रहीं। पखांजूर की इस पहल से क्षेत्र में न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समाज को एक नया संदेश भी मिलेगा।
रिपोर्टर : दीपेन मंडल

No Previous Comments found.