शादी समारोह में गए दो भाइयों के घरों में चोरी, लाखों का माल पार
छिबरामऊ, कन्नौज : विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुर निगोह (अमिठिया) गांव में चोरों ने एक ही परिवार के दो भाइयों के घरों को निशाना बना लिया। दोनों परिवार 24 नवंबर को शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घरों के दरवाजों के ताले और कुंडी तोड़कर नकदी व सोने के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ितों ने बुधवार को विशुनगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को अलग-अलग तहरीर दी है।
गांव निवासी हरिपाल सिंह उर्फ गुड्डू ने बताया कि 24 नवंबर को उनकी भतीजी की शादी मिधौली रोड स्थित राधा रानी गेस्ट हाउस में थी। वह परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब एक बजे उनका पुत्र विवेक घर पर कुछ सामान लेने पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी मिली। अंदर जाकर देखा तो बक्सा टूटा पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। चोर घर से सोने की एक जंजीर, एक अंगूठी, धान बेचकर रखे 65 हजार रुपये और गाय बेचकर रखे 56 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
वहीं, दूसरे भाई शैलेंद्र सिंह उर्फ देवेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री की शादी भी उसी दिन राधा रानी गेस्ट हाउस में थी। वह भी परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर का ताला और कुंडी तोड़कर चार लाख रुपये नकद, करीब दो तोले का सोने का हार, एक तोले की जंजीर और दो अंगूठियां चोरी कर लीं। इसके अलावा रिश्तेदारों के कपड़ों से भरे झोले भी चोर उठा ले गए।
दोनों घरों में चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। पीड़ितों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी का खुलासा करने और सामान बरामद कराने की मांग की है। पुलिस को मामले में कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
रिपोर्टर : महेश गौड़ पप्पू

No Previous Comments found.