संदिग्ध परिस्थितियों में मेडिकल स्टोर संचालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

कन्नोज - छिबरामऊ सकरावा थाना क्षेत्र के ग्राम पलाहर निवासी 35 वर्षीय मेडिकल स्टोर संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सकरावा में मेडिकल स्टोर चलाते थे। उनका शव खेत के पास गंभीर हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, पलाहर निवासी प्रवीण शाक्य पुत्र नरेश शाक्य सकरावा में सम्राट मेडिकल स्टोर का संचालन करते थे। बताया गया कि वह रोज की तरह अपने मेडिकल स्टोर पर गए थे। रात करीब आठ बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इस पर उनके छोटे भाई अमन ने तलाश शुरू की। वह मेडिकल स्टोर पहुंचे, लेकिन वहां प्रवीण नहीं मिले। इसके बाद आसपास काफी खोजबीन की गई। इसी दौरान प्रवीण सकरावा के बाहर एक खेत के पास गंभीर हालत में पड़े मिले। भाई अमन उन्हें आनन-फानन में छिबरामऊ स्थित सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, प्रवीण ने किसी बात से क्षुब्ध होकर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालांकि, उनकी मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मृतक के पिता किसान हैं। उनकी मां का नाम गीता देवी और पत्नी का नाम नारायणी देवी है। प्रवीण के दो बेटे हैं। मेडिकल स्टोर संचालक की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्टर - महेश गौड़ पप्पू 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.