सिद्धारमैया आज 3 बजे देंगे इस्तीफा, एच के पाटिल के मुताबिक डीके शिवकुमार होंगे नए CM

कर्नाटक कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच मंगलवार को राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आज दोपहर तीन बजे अपने पद से इस्तीफा देने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

राज्य के मंत्री एचके पाटिल ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तीन बजे इस्तीफा देंगे और इसके बाद पार्टी नेतृत्व डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाने पर सहमत हो सकता है। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि सिद्धारमैया दोपहर 2:30 बजे लोक भवन का दौरा करेंगे और इसके बाद 3 बजे अपने दूसरे आधिकारिक आवास ‘कृष्णा’ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।

इस बीच सुबह मुख्यमंत्री आवास ‘कावेरी’ पर हुई ब्रेकफास्ट मीटिंग ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, मंत्री एचके पाटिल और कई वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री तथा मुख्यमंत्री के करीबी विधायक शामिल हुए। बैठक के दौरान डीके शिवकुमार के सिद्धारमैया के पैर छूने और दोनों नेताओं के गले मिलने की तस्वीरें और घटनाक्रम को पार्टी में एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में नेतृत्व परिवर्तन पर भी चर्चा हुई, जिसके बाद इस्तीफे की अटकलें और तेज हो गईं। पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि बैठक में सिद्धारमैया ने सीएम पद छोड़ने की बात कही है, हालांकि इसकी पुष्टि अब तक किसी आधिकारिक बयान से नहीं हुई है।

उधर, कर्नाटक कांग्रेस में संभावित नेतृत्व परिवर्तन की खबरों पर विपक्षी दल भाजपा ने सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान से प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और राज्य के विकास कार्य ठप पड़े हैं।

वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता उमा शंकर ने दावा किया है कि डीके शिवकुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं और पार्टी स्तर पर इसकी तैयारी भी की जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले पर राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई है और सभी की निगाहें मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जो इस सियासी सस्पेंस से पर्दा उठा सकती है।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.