संत महात्माओं की पुण्य धरा और प्रभु श्रीराम के ननिहाल को विकसित और समृद्ध बनाने संकल्पित है हमारी सरकार: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

कवर्धा : महतारी वंदन योजना के माध्यम से मातृशक्ति हो रही सशक्त, 42 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय वीरांगना अवंतीबाई लोधी के 168 वें बलिदान दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल आजादी की लड़ाई से लेकर स्वतंत्र भारत में भी मां भारती की सेवा में जुटा है लोधी समाज: मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का किया अनावरण, पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख, यज्ञशाला के लिए 20 लाख तथा मिनी स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की छत्तीसगढ़ संत-महात्माओं की पुण्य भूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है, जिसे विकसित और समृद्ध बनाना राज्य सरकार का संकल्प है। शांति, सुरक्षा, खुशहाली और सुशासन के मूल मंत्र के साथ 3 करोड़ प्रदेशवासियों की खुशहाली हमारा ध्येय है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज कबीरधाम जिले के ग्राम सेमरिया में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के 168 में बलिदान दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सेमरिया के साथ कुम्हार दनिया, गोछिया, भाटकुंडेरा, दनिया खुर्द एवं दानी घाटोली सहित कुल 6 ग्रामों में लगने वाली प्रतिमाओं का लोकार्पण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सामुदायिक भवन, मिनी स्टेडियम और यज्ञशाला निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमिट मिसाल है। उन्होंने सीमित संसाधनों और छोटी सेना के बावजूद अंग्रेजों के खिलाफ अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया और देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। ऐसी महान विभूति से हमें प्रेरणा लेकर अपने जीवन में राष्ट्रसेवा और समाजहित के मूल्यों को अपनाना चाहिए।
उन्होंने लोधी समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज ऐतिहासिक रूप से वीरता, नैतिकता और राष्ट्रसेवा के लिए जाना जाता है। स्वतंत्रता संग्राम में इस समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है और आज भी यह समाज देश और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि वे उसी परंपरा को आगे बढ़ा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में लोगों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। होली से पूर्व अंतर की राशि का भुगतान कर किसानों को राहत पहुंचाई गई, जिससे उनके त्योहार में खुशहाली आई। महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। अब तक 25 किश्तों के माध्यम से 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। इससे मातृशक्ति आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही है।
श्री साय ने आगे कहा कि प्रदेश में आस्था और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘रामलला दर्शन योजना’ संचालित है, जिसके तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए बस्तर और सरगुजा में ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कवर्धा के वार्ड क्रमांक 26 में समाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए, खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने मिनी स्टेडियम के निर्माण तथा यज्ञशाला के निर्माण के लिए 20 लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी अपने संबोधन में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए समाज से एकजुट होकर अपनी गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी ने अंग्रेजों से जिस बहादुरी से लोहा लिया था ऐसी वीरांगना की प्रतिमा का अनावरण किया गया, जो युवा पीढ़ी को प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों द्वारा समाज को एकजुट रखते हुए सही दिशा दिखाने से समाज शैक्षणिक और वैचारिक रूप से समृद्ध होता है व विकास और उन्नति के पथ पर आगे बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नशे व्यसन इत्यादि से दूर रहते हुए अपने भविष्य निर्माण पर पूरी ऊर्जा केंद्रित करें। जिससे समाज की गौरवशाली इतिहास और परंपराएं आने वाली पीढ़ी तक पहुंचेगी और उन्हें सही राह दिखाएगी।
पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की एकजुटता ही देश और प्रदेश के विकास की राह तय करता है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र को कई सौगातें दी हैं, जिनमें प्रमुख रूप से पंडरिया को नालंदा परिसर बनने जा रहा है। सुतिया पाट बांध नहर विस्तारीकरण से इस क्षेत्र में सिंचाई सुविधा को बढ़ावा देगा।  विभिन्न सड़कों के निर्माण और उन्नयन का कार्य प्रमुखता से किया गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने महतारी शक्ति से आह्वान किया कि अपनी क्षमता को पहचानते हुए एक सशक्त समाज निर्माण में अपनी भूमिका अवश्य निभाएं। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, श्री घनश्याम वर्मा, श्री संतोष कौशिक, पूर्व विधायक श्री कोमल जंघेल, श्री निर्मल जंघेल, श्री राजेन्द्र चन्द्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट, श्रीमती दीपा धुर्वे, श्री रोशन दुबे, श्री गोपाल साहू, श्री मनहरण कौशिक, श्रीमती राजकुमारी राजेंद्र साहू, श्री महेंद्र धृतलहरे, श्रीमती सरिता सोनी, श्रीमती दुर्गा सिंह, श्री कल्याण सिंह, श्री रुपेश जैन, श्री रवि चंद्रवंशी, श्री थानेश्वर जायसवाल, श्री राजू नेताम, तथा लोधी समाज के प्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।

रिपोर्टर :  दीपेश जांगड़े

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.