सेहरा टोला आंगनवाड़ी केंद्र में भोजन वितरण में लापरवाही पर कलेक्टर का सख्त एक्शन
कटनी : विकासखंड ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम कोठी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र सेहरा टोला में बच्चों को भोजन वितरण के दौरान बरती गई गंभीर लापरवाही को कलेक्टर आशीष तिवारी ने गंभीरता से लिया है। मामले में संयुक्त जांच दल गठित कर प्रतिवेदन तलब किया गया, जिसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी को नोटिस जारी करने, सेक्टर पर्यवेक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करने तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को कारण बताओ नोटिस जारी कर मानदेय कटौती के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी ढीमरखेड़ा आरती यादव, सेहरा टोला आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता मीना बैगा एवं सहायिका मैना बैगा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही पूर्व से केंद्र का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही कोठी की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुशीला गोंड की वार्षिक मानदेय वृद्धि रोकने तथा सेक्टर पर्यवेक्षक अनीता प्रधान के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करने के आदेश दिए गए हैं। मानदेय कटौती के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना बैगा एवं सहायिका मैना बैगा के विरुद्ध यह भी निर्देश दिए गए हैं कि उनकी अनुपस्थिति अवधि में मानदेय कटौती की जाए। यह कटौती उपस्थिति दिवस से लेकर आंगनवाड़ी केंद्र में नियमित रूप से उपस्थित होकर संचालन प्रारंभ करने की तिथि तक प्रभावशील रहेगी। संयुक्त जांच दल में ये रहे शामिल कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल में वनश्री कुर्वेती (प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास), आरती यादव (परियोजना अधिकारी, ढीमरखेड़ा) तथा सतीश पटेल (परियोजना अधिकारी, बहोरीबंद) शामिल रहे।
संयुक्त जांच दल ने सेहरा टोला आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, संबंधित पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की उपस्थिति में मौके पर जांच की। कार्यकर्ता व सहायिका रहीं अनुपस्थित जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका निर्धारित दिवस पर केंद्र में उपस्थित नहीं थीं, जिसके कारण बच्चों को भोजन वितरण में लापरवाही की स्थिति निर्मित हुई। जांच के दौरान ग्रामीणों ने सेहरा टोला के लिए नवीन आंगनवाड़ी केंद्र की स्वीकृति तथा विद्यालय परिसर में भवन निर्माण की आवश्यकता भी बताई, जिस पर संयुक्त जांच दल ने नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.