राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, चार युवक घायल; एक की हालत नाजुक

 कटनी : बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नैगमा ग्राम के समीप दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। रामप्रसाद चौधरी और विजय चौधरी एक बाइक से कटनी की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी ओर से बछोली निवासी गोविंद कोल और सौरभ कोल अपनी मोटरसाइकिल से विलायत कला की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नैगमा ग्राम के पास सौरभ की बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे सामने से आ रही रामप्रसाद की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
रेस्क्यू और उपचार
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को मदद पहुंचाई और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को निजी वाहनों और आपातकालीन एंबुलेंस की सहायता से बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में तैनात डॉ. नीरज विश्वकर्मा ने बताया कि—विजय चौधरी, गोविंद कोल और सौरभ कोल की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज बड़वारा में जारी है। रामप्रसाद चौधरी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.