एन. एस. दुबाश कम्पनी द्वारा निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन

कटनी : विजयराघवगढ़ झुकेही रोड स्थित बिस्तरा पंचायत में संचालित एन. एस. दुबाश स्टोन एंड लाइम कम्पनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 11 फरवरी 2026 को मानव सेवा की एक अनुपम मिसाल प्रस्तुत की गई। सद्गुरु नेत्रालय चित्रकूट के सहयोग से आयोजित इस निःशुल्क नेत्र शिविर ने सैकड़ों जरूरतमंदों की आंखों में फिर से उजाले की आशा जगा दी।कार्यक्रम का शुभारंभ कम्पनी के प्लांट हेड के.के.चंद्रा ने संत शिरोमणि सद्गुरु रणछोर जी महाराज का स्मरण करते हुए तथा कम्पनी के संचालक स्व. जशवंत हरिशंकर बोरा जी एवं स्व. शैलेन्द्र बोरा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर किया। श्रद्धा सेवा और समर्पण के वातावरण में प्रारंभ हुआ यह शिविर सच मायनों में परोपकार की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गया।शिविर में आसपास के ग्रामीण अंचलों से नेत्र समस्याओं से पीड़ित लगभग 300 हितग्राहियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सभी मरीजों का निःशुल्क परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार दवाइयाँ एवं चश्मे वितरित किए गए। जिनके लिए मामूली उपचार भी कठिन था उनके लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं रहा।कार्यक्रम के आयोजक प्लांट हेड के.के. चंद्रा ने बताया कि यह आयोजन उन गरीब और असहाय लोगों के लिए समर्पित था जो आर्थिक व्यवस्था के अभाव के कारण अपनी आंखों का उपचार नहीं करा पा रहे थे। उन्होंने कहा कि स्व.जशवंत हरिशंकर जी बोरा एवं स्व. शैलेन्द्र बोरा की पुण्य स्मृति में आयोजित यह शिविर समाजसेवा के उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास है। जांच के दौरान चिन्हित किए गए 30 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चित्रकूट स्थित सद्गुरु नेत्रालय भेजा गया है। आने-जाने की निःशुल्क बस सुविधा तथा ऑपरेशन का समस्त खर्च सद्गुरु नेत्रालय द्वारा वहन किया जाएगा। यह सुनकर मरीजों और उनके परिजनों की आंखों में कृतज्ञता के आंसू छलक उठे। शिविर में लाभान्वित हुए लोगों ने कहा कि एन. एस. दुबाश बोरा कम्पनी का यह कार्य केवल चिकित्सा सेवा नहीं बल्कि मानवता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। हम गरीबों की बुझती रोशनी को फिर से जगाने का यह प्रयास जीवन भर याद रहेगा। ऐसा कहते हुए ग्रामीणों ने कम्पनी प्रबंधन को ढेरों शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिए।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों के लिए स्वल्पाहार एवं जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई। सेवा संवेदना और सामाजिक दायित्व का यह संगम विजयराघवगढ़ क्षेत्र में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा। मानवता की इस उजली पहल ने यह सिद्ध कर दिया कि जब उद्योग सेवा का संकल्प लेते हैं तब समाज में आशा और प्रकाश दोनों फैलते हैं। इस दौरान उपस्थित जनो मे प्रमुख रूप से शिविर की ओर से डाक्टर आशीष तिवारी खदान मैनेजर विनोद पटेल सरपंच देववती पटेल पति विनोद पटेल प्रधान अध्यापक श्याम लाल चौधरी संध पदाधिकारी हेतराम पटेल केशव तोमर सुनील विश्वकर्मा समस्त लोगों की मौजूदगी रही।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.