पालतू कुत्तों से चीतल का शिकार कर मना रहे थे जश्न,वन विभाग ने दबिश देकर 3 शिकारियों को दबोचा
कटनी - वन्य प्राणियों के संरक्षण की दिशा में कटनी वन विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र में पालतू कुत्तों के जरिए एक चीतल का शिकार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। विभाग ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। घटना 28 फरवरी 2026 की रात लगभग 10 बजे की है। बरहटा बीट के कक्ष क्रमांक RF-47 में कुछ शिकारियों ने पालतू कुत्तों का इस्तेमाल कर एक चीतल को मार गिराया। शिकार के बाद आरोपी मांस के साथ पार्टी मनाने की तैयारी में थे। जैसे ही वन विभाग की टीम को इसकी गुप्त सूचना मिली, अधिकारियों ने बिना समय गंवाए मौके पर घेराबंदी की। टीम को देखते ही शिकारियों में हड़कंप मच गया। जिस पर 3 आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में वन विभाग की टीमें दबिश दे रही हैं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपियों को आज, 2 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
रिपोर्टर - सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.