बकाया किराया न चुकाने वाले दुकानदारों पर निगम ने की कार्यवाही 7 दुकानों में की गई तालाबंदी
कटनी - नगर निगम प्रशासन ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले बकाया राजस्व वसूली के लिए अपनी कमर कस ली है। निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा समीक्षा बैठक में दिए गए कड़े निर्देशों के बाद, निगम के राजस्व अमले ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों की 7 दुकानों को सील कर दिया है। ये सभी दुकानें लंबे समय से किराया जमा न करने के कारण निगम की रडार पर थीं।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को निगम द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद आवंटियों द्वारा भुगतान में रुचि नहीं दिखाई गई, जिसके परिणामस्वरूप नियमानुसार तालाबंदी की कार्रवाई की गई।
शनिवार को हुई इस कार्रवाई में मुख्य रूप से तीन क्षेत्रों को निशाना बनाया गया: बिलैया तलैया सब्जी मंडी: यहाँ की दुकान क्रमांक 175, 191 और 192 पर ताले जड़े गए। लल्लू भैया की तलैया: यहाँ दुकान क्रमांक 13 को सील किया गया।
प्रियदर्शनी बस स्टैंड: बस स्टैंड परिसर की दुकान क्रमांक 40, 42 और 43 पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, राजस्व निरीक्षक विनोद सिंह चौहान, सनीश रजक सहित राजस्व विभाग के गठित दल के अन्य कर्मचारी मुस्तैद रहे। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 'कटनी 24 दिवस' के अभियान के तहत आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा। निगम प्रशासन ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे किसी भी अप्रिय कार्रवाई से बचने के लिए तत्काल अपनी बकाया राशि जमा कर रसीद प्राप्त करें।
रिपोर्टर - सुमित जायसवाल
No Previous Comments found.