अवैध रेत का परिवहन कर रहा ट्रैक्टर-ट्राली जब्त, चालक पर मामला दर्ज
कटनी - खनिज संपदा के अवैध दोहन और परिवहन के विरुद्ध कटनी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना उमरिया पान को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध रूप से रेत ले जा रहे एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के आदेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन में यह कार्यवाही की गई।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार (07 मार्च) को थाना प्रभारी उमरिया पान ने स्टाफ के साथ वाहन चेकिंग लगाई थी। इसी दौरान एक लाल रंग का नया स्वराज ट्रैक्टर आता दिखा, जिसे रोककर तलाशी ली गई। ट्रैक्टर की ट्राली रेत से लबालब भरी हुई थी। जब चालक अजीत कोल (29 वर्ष), निवासी बड़ौदा से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
दस्तावेज न होने पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को मय रेत के जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है। आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 106 BNSS के तहत इस्तगासा पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने प्रकरण तैयार कर अग्रिम कार्यवाही हेतु कलेक्टर कार्यालय खनिज विभाग, कटनी को भेज दिया है।
इस छापामार कार्यवाही में उप निरीक्षक भारत सिंह मार्को, एएसआई कोदू लाल दहिया, प्रधान आरक्षक अजय सिंह, अजय तिवारी, आशीष झरिया, आरक्षक योगेश पटेल, नीलेश पटेल, मोहन मोबेल और रोहित झारिया की सक्रिय भूमिका रही।
रिपोर्टर सुमित जायसवाल


No Previous Comments found.