संजय सत्येंद्र पाठक के मार्गदर्शन में राहत समर्पण सेवा समिति ने लगाया प्याऊ, जल संरक्षण का दिया संदेश
कटनी : विजयराघवगढ़ समाज सेवा और जनजागरूकता का भाव जब एक साथ जुड़ता है तो वह केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रेरणा बन जाता है। ऐसा ही प्रेरणादायक और भावविभोर कर देने वाला आयोजन विजयराघवगढ़ में देखने को मिला जहां विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के मार्गदर्शन में राहत समर्पण सेवा समिति द्वारा जल संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की गई। म.प्र. जन अभियान परिषद के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल शक्ति से नव भक्ति कार्यक्रम का प्रथम चरण नवांकुर संस्था राहत समर्पण सेवा समिति एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण पारंपरिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन एवं आमजन में जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई जिसमें नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल बचाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात ऐतिहासिक झपवान नदी के जल कुंड की साफ-सफाई के लिए व्यापक श्रमदान किया गया। जो जल कुंड पहले गंदगी से घिरा हुआ था वह अब स्वच्छ और आकर्षक रूप में नजर आने लगा, जो सामूहिक प्रयास का जीवंत उदाहरण है।विश्व जल दिवस के अवसर पर वृक्ष पूजन भूमि पूजन एवं जल स्रोत पूजन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही आरती और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए लोगों को इस अभियान से जोड़ा गया।इस अवसर पर राहत समर्पण सेवा समिति द्वारा अपने कार्यालय के समीप जल मंदिर प्याऊ की स्थापना पूजा-अर्चना के साथ की गई, जो आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और मानवीय पहल है।कार्यक्रम में समाजसेवियों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। नवांकुर संस्था के अध्यक्ष शारदा प्रसाद साहू चंद्रभान पाल विक्रम यादव सौरभ साहू तथा नगर विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष सतीश गुप्ता सचिन गुप्ता सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे।अंत में संदेश दिया गया कि पानी जीवन का आधार है इसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.