कैमोर को मिली बड़ी सौगात: 15 करोड़ से बनेगा आईटीआई भवन, छात्रावास और क्वार्टर

कटनी : विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कैमोर नगर को कौशल विकास के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के सतत प्रयासों से अब कैमोर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आईटीआई भवन छात्रावास एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण होने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए राज्य सरकार द्वारा 15 करोड़ 28 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विधायक संजय पाठक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति भावविभोर होकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमेशा विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है और हर मांग को गंभीरता से स्वीकार कर क्षेत्र को नई सौगातें दी हैं। गौरतलब है कि कैमोर में आईटीआई की शुरुआत दो वर्ष पूर्व की गई थी जो वर्तमान में खलवारा बाजार स्थित एक निजी भवन में संचालित हो रही है। विधायक पाठक द्वारा भोपाल में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्थायी भवन छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया गया था जो अब साकार हुआ है।नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को 6 विभिन्न ट्रेड्स में रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलेगा। वहीं छात्रावास की सुविधा मिलने से दूरदराज के ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा। यह कदम न केवल उनके रहने की समस्या का समाधान करेगा बल्कि उनकी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में भी सहायक सिद्ध होगा। इसके साथ ही शिक्षकों और स्टाफ के लिए क्वार्टर का निर्माण भी प्रस्तावित है जिससे संस्थान की कार्यक्षमता और बेहतर होगी। कैमोर में आईटीआई भवन और छात्रावास का निर्माण निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाला साबित होगा और विजयराघवगढ़ को कौशल विकास के मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगा।

रिपोर्टर :  सुमित जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.