राजस्व वसूली में ढिलाई पर निगमायुक्त सख्त, कम प्रगति वाले वसूली दल को चेतावनी

कटनी : नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने राजस्व वसूली कार्य में सुस्ती पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि शासन द्वारा प्रदान की गई छूट के बाद भी यदि लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं पाई जाती तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय मानी जाए। शुक्रवार सुबह आयोजित राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने वसूली कार्य में तेजी लाने और शासन द्वारा 31 मार्च तक बढ़ाई गई छूट योजना का अधिकतम लाभ नागरिकों तक पहुंचाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षकों सहित जल प्रदाय शाखा के कर्मचारियों की मौजूदगी रही।  

निगमायुक्त ने कहा कि निगम के बकाया करों को समय पर जमा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। शासन द्वारा नेशनल लोक अदालत की तर्ज पर दी जा रही अधिभार छूट नागरिकों के लिए सुनहरा अवसर है, ऐसे में कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रहे। इसके लिए राजस्व अमला पूरी पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं पूरी टीम के साथ फील्ड में उतरकर बड़े बकायेदारों से संपर्क स्थापित करें, उन्हें छूट की जानकारी दें और समय सीमा के भीतर बकाया राशि जमा कराने की कार्यवाही करें। इस दौरान निगमायुक्त ने शासकीय कार्यालयों से सेवा कर की राशि की वसूली तथा गरीब बस्ती के अधिक से अधिक नागरिकों को शासन द्वारा दी जा रही छूट से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।  
वसूली कार्य की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के मुकाबले कम वसूली पाए जाने पर निगमायुक्त ने संबंधित वसूलीकर्ता शैलेष कुंडे, सचिन मिश्रा, शुभम प्यासी, दीपक रैकवार एवं महेश पटेल पर गहन नाराजगी व्यक्त की तथा प्रतिदिन की प्लानिंग निर्धारित कर वसूली हेतु तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की चेतावनी दी। वहीं राजस्व निरीक्षक विनोद सिंह चौहान द्वारा उत्कृष्ट वसूली करने पर उनके कार्यो के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की जाकर तालियों से उनका प्रोत्साहन किया गया।  

निगमायुक्त ने वसूली अमले को वार्ड के शेष बकायेदारों पर विशेष फोकस कर उनसे रोजाना डोर टू डोर संपर्क करने तथा बड़े बकायेदारों द्वारा राशि जमा नहीं करने पर उनके खिलाफ अभियान चलाकर कुर्की, वारेंट, तालाबंदी, नल कनेक्शन विच्छेदन जैसी प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। निगमायुक्त ने वसूली दल के सदस्यों को शासन की चौटबॉट सेवा सहित ई नगरपालिका ऐप के माध्यम से घर बैठे बकाया करों का भुगतान कर मिलने वाली छूट का लाभ प्राप्त किए जाने की जानकारी से अवगत करने की भी बात कही। इस दौरान निगमायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। 

जलकर वसूली की समीक्षा के दौरान कम वसूली पर निगमायुक्त ने गहन नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि छूट के इस सुनहरें अवसर का लाभ प्रत्येक व्यक्ति लेना चाहेगा। जलकर वसूली हेतु गठित अमला प्रत्येक बकायेदारों से घर - घर जाकर संपर्क करें और उन्हे शासन द्वारा प्रदान की जा रही छूट की जानकारी से अवगत कराकर बकाया राशि निगम कोष में जमा कराने सहित बड़े बकायेदारों द्वारा राशि जमा नहीं किए जानें पर नल कनेक्शन विच्छेदन की प्रभावी कार्यवाही प्रस्तावित करनें की हिदायत सहायक राजस्व अधिकारी को दी।  
बैठक समाप्ति के पूर्व निगमायुक्त नें कहा कि पूर्व में आप लोगों के द्वारा बेहतर वसूली के परिणाम दिये गए है। शासन द्वारा मात्र 31 मार्च तक का ही छूट का अवसर है अंतिम इन चार दिनों में आप सभी अधिकारी कर्मचारी पूर्ण ईमानदारी से मेहनत करें ताकि नगर के अधिक से अधिक नागरिकों को इस सुनहरे अवसर का लाभ प्रदान किया जाकर शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली की जाकर नगर विकास को गति प्रदान की जा सके। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शासन द्वारा लोक अदालत की तरह अधिभार मे 31 मार्च 2026 तक प्रदान की जा रही छूट का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने की अपील भी नागरिकों से की है।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.