खुले पैसे के विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई, शराब दुकान कर्मचारियों पर आरोप
कटनी : खुले पैसे को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जहां शराब दुकान के कर्मचारियों पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने और कांच की बोतल से सिर फोड़ने का आरोप लगा है। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना बरही के विजयराघवगढ़ मार्ग स्थित शराब दुकान की है। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे नामदेव मोहल्ला निवासी रामकेश गुप्ता (28 वर्ष) अपने एक साथी के साथ शराब खरीदने दुकान पहुंचा था। इसी दौरान खुले पैसे को लेकर दुकान कर्मचारियों से विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर शराब दुकान के आधा दर्जन कर्मचारियों ने एकजुट होकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी कर्मचारियों द्वारा खदेड़ दिया गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान कांच की बोतल से युवक के सिर पर वार किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।
घायल रामकेश को तत्काल बरही के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद शराब दुकान के सामने तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल
No Previous Comments found.