खेत में मुर्गा पार्टी मनाना पड़ा भारी, आग की चपेट में आने से तीन किसानों की डेढ़ एकड़ गेहूं की फसल खाक
कटनी : जिले के मझगवां गांव में एक बड़ी लापरवाही के कारण तीन किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। खेत में चल रही एक 'मुर्गा पार्टी' की वजह से लगी आग ने करीब डेढ़ एकड़ में खड़ी गेहूं की पकी हुई फसल को जलाकर राख कर दिया। इस घटना से पीड़ित किसानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां गांव की है। पीड़ित किसान रामजी कुशवाहा, छंगा कुशवाहा और मनोज कुशवाहा ने बताया कि उनका पड़ोसी ओमप्रकाश तोमर रविवार रात को अपने दोस्तों के साथ खेत पर मुर्गा पार्टी कर रहा था। पार्टी के लिए जलाए गए चूल्हे की कुछ चिंगारी तेज हवा के कारण पास के सूखे गेहूं के खेत में जा गिरी। देखते ही देखते सुबह तक आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
पीड़ित किसानों का आरोप है कि आरोपी ओमप्रकाश अक्सर उनके खेतों के पास इस तरह की पार्टियां करता है। उसे पहले भी कई बार ऐसी लापरवाही न करने की समझाइश दी गई थी, लेकिन उसने किसानों की बातों को अनसुना कर दिया। कटाई के ठीक पहले फसल बर्बाद होने से अब तीनों परिवारों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़वारा थाना पुलिस ने किसानों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल
No Previous Comments found.