कॉपी और यूनिफॉर्म खरीदने उमड़ी भीड़ तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेला संपन्न,
कटनी : स्कूली विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को रियायती दरों पर पुस्तक, कॉपी एवं यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुभाष चौक स्थित साधुराम स्कूल परिसर में आयोजित तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का सोमवार को समापन हो गया। कलेक्टर आशीष तिवारी की पहल पर आयोजित इस मेले को भीषण गर्मी के बावजूद छात्रों, अभिभावकों और व्यापारियों से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला।
मेले के अंतिम दिन वाजिब कीमत पर उपलब्ध पुस्तकों, कॉपियों, गणवेश और स्कूल उपयोगी स्टेशनरी सामग्री की खरीद के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं पहुंचे। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक संचालित इस आयोजन ने अभिभावकों को एक ही स्थान पर संपूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर राहत प्रदान की।
अपने बच्चों के लिए सामग्री खरीदने पहुंचे अभिभावक अकबर खान ने बताया कि सामान्यतः बाजार में अलग-अलग दुकानों पर भटकना पड़ता था, जबकि मेले में सभी सामग्री उचित दरों पर आसानी से मिल गई। वहीं द्वारिका सिटी निवासी कंचन अग्रवाल ने एलकेजी एवं कक्षा चौथी के लिए पुस्तकें और स्कूल बैग खरीदते हुए जिला प्रशासन के इस प्रयास को सराहनीय बताया।
मेले में शिक्षा विभाग द्वारा नवाचार के रूप में स्थापित बुक बैंक स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में उत्साह का वातावरण बनाए रखा।
रिपोर्टर सुमित जायसवाल
No Previous Comments found.