कटनी में 23 अप्रैल को निकलेगी भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा, तैयारियाँ पूरी
कटनी - कायस्थ समाज द्वारा आगामी 23 अप्रैल को भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन के संबंध में आज जगन्नाथ चौक स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर में समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
कमानिया गेट से होगा शुभारंभ
पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर (कमानिया गेट) से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ होगा। यहाँ से यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली जाएगी। यात्रा का समापन जगन्नाथ चौक स्थित चित्रगुप्त मंदिर में होगा, जहाँ आरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।
आकर्षक झांकियां होंगी शामिल
शोभायात्रा में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की विशेष झांकी सजाई जाएगी। इसके साथ ही सामाजिक और धार्मिक संदेश देने वाली अन्य झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत की तैयारी भी की गई है।
समाज ने की उपस्थिति की अपील बैठक में समाज के गणमान्य नागरिक,युवा और महिला समूह के सदस्य उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने समस्त नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
रिपोर्टर - सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.