सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बिटिया को लगवाएं एचपीवी टीका

कटनी - कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के अभिभावकों से 14 से 15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीका अवश्य लगवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4 हजार रुपये है, जबकि शासन द्वारा इसे शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिले में 12,613 किशोरियों को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 5,724 बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण अभियान की शुरुआत 28 फरवरी को जिला चिकित्सालय से की गई थी।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कक्षा 8वीं से 10वीं में अध्ययनरत बालिकाओं को बीमारी एवं टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अभिभावक भारत सरकार के यू-विन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन भी कर सकते हैं।

6 से 22 अप्रैल तक स्कूलों में आधार शिविर

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न स्कूलों में 6 अप्रैल से 22 अप्रैल तक आधार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विद्यार्थियों के साथ अन्य योजनाओं के लाभार्थी भी आधार अपडेट,बायोमेट्रिक सुधार एवं मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। प्रधानाध्यापकों को यूडीआईएसई-प्लस पोर्टल से लंबित विद्यार्थियों की सूची अद्यतन कर उन्हें शिविरों में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं।

रिपोर्टर - सुमित जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.