ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसायटी का “जल सेवा अभियान” शुरू, 300 पानी की टंकियों का वितरण

कटनी :  भीषण गर्मी के मौसम में मूक पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा “जल सेवा अभियान” के तहत सराहनीय जनसेवा पहल की गई। संस्था द्वारा शहर में निःशुल्क पानी की टंकियों का वितरण किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में लगभग 300 से अधिक 20 लीटर क्षमता की सीमेंट निर्मित पानी की टंकियां वितरित की गईं। इन टंकियों को शहर के विभिन्न वार्डों, कॉलोनियों, मोहल्लों, चौराहों एवं गलियों में मूक पशुओं के लिए स्थापित कराया जा रहा है, ताकि तेज गर्मी के दौरान उन्हें सहज रूप से पानी उपलब्ध हो सके। शेष टंकियों का वितरण द्वितीय चरण में किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की महिला विंग द्वारा माता सरस्वती एवं गौ माता के पूजन के साथ किया गया। इसके बाद सेवा कार्य का विधिवत प्रारंभ हुआ। पूर्व में पंजीयन करा चुके नागरिकों को बरगवां रोड स्थित आई लव सेल्फी प्वाइंट के सामने बनाए गए वितरण केंद्र से टंकियां प्रदान की गईं।
इस अवसर पर शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
संस्था अध्यक्ष टीनू सचदेवा ने बताया कि यह सेवा कार्य संस्था द्वारा निरंतर संचालित किया जा रहा है और समाज के सहयोग से इसे व्यापक रूप दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि टंकी प्राप्त करने के बाद उसे स्वच्छ रखें तथा नियमित रूप से पानी भरते रहें, ताकि मूक जीवों को निरंतर लाभ मिल सके।
संस्था ने नागरिकों से इस पुण्य कार्य में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि घर या मोहल्ले के बाहर पानी की टंकी रखकर पशु-पक्षियों के लिए जीवनदायी सेवा की जा सकती है।
यह पहल समाज में जीव दया, संवेदनशीलता और मानवता का संदेश देती है तथा छोटे-से प्रयास से किसी मूक जीव के जीवन को बचाने की प्रेरणा प्रदान करती है।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.