पुलिस बैंड की धुनों से गूंजा मिशन चौक, भर्ती के लिए युवाओं को किया जागरूक
कटनी : पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला कटनी में पुलिस विभाग द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत छठवीं वाहिनी जबलपुर के पुलिस बैंड दल ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर लोगों को भर्ती संबंधी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मिशन चौक में आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जहां पुलिस बैंड की मधुर धुनों ने नागरिकों और युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने युवाओं को पुलिस विभाग में शामिल होने के लिए प्रेरित करते हुए भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, शारीरिक मापदंड और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों की सहभागिता रही। पुलिस विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक योग्य एवं इच्छुक युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे देश सेवा के अवसर का लाभ उठा सकें।
पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे भर्ती से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और निर्धारित समयावधि में आवेदन कर अवसर का लाभ उठाएं।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल


No Previous Comments found.