दुबई से संचालित हो रहा ठगी का बड़ा नेटवर्क: कटनी पुलिस ने मुंबई से दबोचा 4.26 करोड़ की हेराफेरी करने वाला ठग

 कटनी :  साइबर ठगी के खिलाफ कटनी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुंबई के अंधेरी इलाके से एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जो दुबई में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर देशभर से ठगे गए करोड़ों रुपयों को ठिकाने लगाने का काम करता था। इस गिरोह ने अब तक देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 4.26 करोड़ रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की है।

डोनेशन के नाम पर जालसाजी

ठगी के इस खेल का खुलासा तब हुआ जब कटनी के राजेंद्र विश्वकर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। राजेंद्र के अनुसार, जीशान नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें झांसा दिया कि वह उनकी संस्था (आर्यवत शिक्षा समिति) को मोटा डोनेशन दिला देगा। इसी लालच में आकर राजेंद्र ने अपने बैंक खाते की जानकारी ठगों को दे दी।
कुछ समय बाद, बैंक से आए एक कॉल ने राजेंद्र के होश उड़ा दिए। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उनके खाते से लगातार लाखों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन हो रहे हैं। जांच में पता चला कि ठगों ने राजेंद्र के खाते का इस्तेमाल देशभर से ठगे गए 4.26 करोड़ रुपये को इधर-उधर करने के लिए किया था।

60 हजार की नौकरी और खास ऐप का खेल

पुलिस ने मुंबई से 25 साल के अभिषेक नार्कर को गिरफ्तार किया है। अभिषेक ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए:
वह दुबई में बैठे मास्टरमाइंड के लिए काम करता था।
उसका मुख्य काम ठगी के पैसों को अलग-अलग बैंक खातों में घुमाना था।
इसके बदले उसे हर महीने 60 हजार रुपये वेतन मिलता था।
यह गिरोह मोबाइल में एक खास ऐप के जरिए दूसरों के बैंक खातों को रिमोटली संचालित करता था।

दुबई में बैठे हैं 'असली खिलाड़ी'
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे सिंडिकेट के असली मास्टरमाइंड अब्दुल सत्तार और प्रशांत पद्मे हैं। ये दोनों फिलहाल दुबई में बैठकर इस नेटवर्क को चला रहे हैं। इन दोनों पर देशभर में ठगी के 54 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करवा रखा है।

अब तक 4 गिरफ्तार
बिलहरी पुलिस चौकी और कटनी पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में अब तक अभिषेक नार्कर समेत कुल 4 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इससे पहले मोहम्मद जीशान, विकास तिवारी और चार्ल्स रॉड्रिक को पकड़ा जा चुका है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और स्थानीय मददगारों की तलाश में जुटी है।

रिपोर्टर :  सुमित जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.