महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. प्रमोद कुमार वर्मा का आकस्मिक निधन

कटनी : महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय, (मध्य प्रदेश के केंद्र बिंदु जिला कटनी करौंदी) के कुलगुरु एवं प्रख्यात शिक्षाविद प्रो. प्रमोद कुमार वर्मा का 7 अप्रैल 2026 की रात्रि हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से शिक्षा जगत और विश्वविद्यालय परिवार में शोक की लहर है।

प्रो. वर्मा एक वरिष्ठ वैज्ञानिक, भूगोलविद और दूरदर्शी शिक्षाविद के रूप में विख्यात थे। उन्होंने विक्रम विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में लंबे समय तक प्राध्यापक के रूप में सेवाएं दीं और अपनी सरलता व विद्वता से विद्यार्थियों के बीच विशेष पहचान बनाई। वे मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MPCST) के महानिदेशक भी रह चुके थे तथा बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के कुलपति पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे।
इसके अलावा, उन्होंने सिंहस्थ 2016 के दौरान विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय का संदेश देकर देशभर के वैज्ञानिकों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उज्जैन में तारामंडल स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं को उन्होंने आगे बढ़ाया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ब्रह्मचारी गिरीश जी ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें महान वैज्ञानिक, समर्पित शिक्षाविद और विनम्र व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि प्रो. वर्मा ने विश्वविद्यालय के विकास और ग्रामीण क्षेत्र के उत्थान हेतु कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जिनमें स्वचालित मौसम केंद्र की स्थापना भी शामिल है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव संदीप शर्मा सहित समस्त स्टाफ के साथ महर्षि विद्या मंदिर, कटनी के प्राचार्य श्री विवेक मिश्रा जी ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
प्रो. वर्मा की अंतिम यात्रा 8 अप्रैल 2026 को उनके निवास उज्जैन से निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए चक्रतीर्थ पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.