18 अप्रैल को लगेगी मुहर? मैहर व उमरिया को जोड़कर कटनी बनेगी नई लोकसभा सीट!
कटनी : मध्यप्रदेश में लोकसभा सीटों के पुनर्गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार आगामी 18 अप्रैल को संभावित रूप से नई लोकसभा सीटों के गठन पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है। चर्चाओं के बीच यह प्रस्ताव सामने आया है कि मैहर जिला या उमरिया जिले के कुछ विधानसभा क्षेत्रों को शामिल करते हुए कटनी को नई लोकसभा सीट का दर्जा दिया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि वर्तमान संसदीय क्षेत्रों की भौगोलिक दूरी, जनसंख्या संतुलन तथा प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए परिसीमन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। कटनी जिले की भौगोलिक स्थिति और बढ़ती जनसंख्या के कारण लंबे समय से अलग लोकसभा क्षेत्र की मांग उठती रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है तो क्षेत्रीय राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। नई लोकसभा सीट बनने से स्थानीय नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा तथा विकास योजनाओं को भी गति मिलने की उम्मीद है।
हालांकि अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन 18 अप्रैल को होने वाली बैठक को लेकर राजनीतिक दलों और जनता की नजरें टिकी हुई हैं।अंतिम निर्णय केंद्र सरकार व परिसीमन आयोग की स्वीकृति के बाद ही लागू होगा।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल


No Previous Comments found.