कृषि आदान व्यापारियों का कटनी में जोरदार प्रदर्शन, मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
कटनी - जिले में कृषि आदान (खाद, बीज, कीटनाशक) व्यापारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। देशव्यापी सांकेतिक हड़ताल के तहत एग्रो इनपुट डीलर्स संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने सरकार के सामने कई प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें खाद पर जबरन लिंकिंग व्यवस्था बंद करना, डीलर मार्जिन बढ़ाना, फर्टिलाइजर सप्लाई व्यवस्था (फार सप्लाई) लागू करना तथा साथी पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों से राहत दिलाना शामिल है। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्थाओं के चलते उन्हें आर्थिक नुकसान और कार्य में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो खरीफ सीजन से पहले अनिश्चितकालीन बंद किया जाएगा। इसका सीधा असर किसानों और कृषि व्यवस्था पर पड़ सकता है।
फिलहाल व्यापारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर केंद्र व राज्य सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। सुमित गुप्ता,संगठन अध्यक्ष ने कहा“हमारी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो हम बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।”
रिपोर्टर - सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.