कटनी में मोबाइल शॉप पर चोरो ने बोला धावा: 6 चोरों ने 5 लाख के 50 महंगे फोन उड़ाए, CCTV में कैद हुई वारदात
कटनी : शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरही रोड स्थित अग्रवाल मोबाइल दुकान में तड़के सुबह चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 50 महंगे स्मार्टफोन चोरी कर लिए। चोरी गए मोबाइल फोनों की कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार बरही रोड स्थित अग्रवाल मोबाइल दुकान में रविवार तड़के करीब 4 बजे 6 बदमाश घुसे। चोरों ने बड़ी ही शातिर तरीके से दुकान में रखे अलग-अलग कंपनियों के नए मोबाइल फोन पार कर दिए। बताया जा रहा है कि बदमाश मोबाइल के डिब्बे खोलकर केवल फोन अपने साथ ले गए और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में करीब 6 संदिग्ध चोर नजर आए हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है। दुकान संचालक प्रफुल्ल अग्रवाल को घटना की जानकारी सुबह मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चोरों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस बड़ी चोरी ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर नाराजगी और दहशत का माहौल है।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.