जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गाटरघाट में नदी सफाई अभियान निरंतर जारी

कटनी :  प्रदेश शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर निगम कटनी द्वारा शहर के जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गाटर घाट क्षेत्र में नदी सफाई अभियान अनवरत रूप से जारी है। अभियान के तहत नदी में फैली जलकुंभी, प्लास्टिक अपशिष्ट एवं अन्य गंदगी को हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि नदी के जल प्रवाह को सुचारु बनाए रखने तथा जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा दो पोकलेन मशीन एवं ट्रैश क्लीनर मशीन की सहायता से विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। मशीनों के माध्यम गाटरघाट स्थित कर्बला शरीफ के पास  की नदी की सफाई उपरांत मशीनों को अब रेलवे पुल के नीचे उतरा जाकर नदी की सतह एवं किनारों पर जमी जलकुंभी और अपशिष्ट सामग्री को लगातार हटाया जा रहा है। वहीं मसूरहा घाट में भी लेबर के माध्यम से घाट एवं नदी सफाई का कार्य अनवरत जारी रखा जाकर नदी की स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, जल की गुणवत्ता में सुधार एवं नागरिकों में जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इसी उद्देश्य के तहत शहर के विभिन्न घाटों, नालों एवं जल स्रोतों में नियमित सफाई एवं जन जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदियों एवं अन्य जल स्रोतों में कचरा, प्लास्टिक एवं पूजन सामग्री का विसर्जन न करें तथा जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित जल स्रोत संरक्षित किए जा सकें।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.