जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी, समाजसेवियों ने नवागत टीआई अनूप सिंह से की सौजन्य भेंट

कटनी - पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में यातायात थाना कटनी द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता को लेकर लगातार जनहितकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में नवागत यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह से शिक्षा विभाग,रेलवे विभाग,एमपीईबी तथा अजाक्स एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में अजाक्स मप्र के प्रांतीय संयुक्त सचिव सोहन लाल चौधरी,जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह धुर्वे,जिला सचिव सुग्रीम सिंह मराबी,जिला संयुक्त सचिव सत्यपाल मराबी सहित गोंडवाना सामाजिक उत्थान समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे। सभी ने यातायात थाना पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट कर नवागत टीआई का स्वागत किया। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था,सड़क सुरक्षा जागरूकता,नागरिक अनुशासन एवं जनसहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने आगंतुकों को यातायात थाना परिसर में संचालित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों एवं आधुनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल को “ट्रैफिक पाठशाला” का अवलोकन कराया गया,जहां बच्चों एवं आम नागरिकों को सरल और व्यवहारिक तरीके से यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा की जानकारी दी जाती है। साथ ही सिम्युलेटर रूम में स्थापित वर्चुअल मोटरसाइकिल प्रशिक्षण प्रणाली के माध्यम से सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट के महत्व एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव संबंधी जानकारी प्रदर्शित की गई। उपस्थित लोगों ने इस पहल को युवाओं और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।

इसके अलावा थाना परिसर में संचालित लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस सुविधा,आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। शहर में संचालित सवारी ऑटो में लगाए गए QR Code सिस्टम की उपयोगिता,यात्री सुरक्षा एवं त्वरित शिकायत निवारण व्यवस्था के संबंध में भी विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर टीआई अनूप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था संभव है। जागरूकता,अनुशासन और जिम्मेदार व्यवहार ही दुर्घटनाओं की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों एवं नागरिकों ने यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नवाचारों एवं जनजागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर - सुमित जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.