जनरल परेड में दिखा अनुशासन और फिटनेस का दम, एसपी ने लिया पुलिस बल की तैयारियों का जायजा
कटनी - रक्षित केन्द्र कटनी में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड एवं शस्त्र संचालन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुशासन, फिटनेस एवं कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को अधिक सुदृढ़,अनुशासित एवं प्रभावी बनाना तथा आगामी कानून व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों के लिए तैयार रखना था। परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक द्वारा ली गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी, शहरी थाना प्रभारी, सूबेदार, यातायात शाखा एवं रक्षित केन्द्र के करीब 105 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसपी ने परेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वेशभूषा, कदमताल, अनुशासन एवं स्कॉट ड्रिल का अवलोकन किया। इस दौरान थाना प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों ने स्कॉट ड्रिल और कदमताल का अभ्यास किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों की सराहना की गई, वहीं कमियां पाए जाने पर आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 30 सेकंड के भीतर शस्त्र खोलने और पुनः असेंबल करने का टॉस्क दिया। निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने वाले कर्मचारियों के लिए पांच हजार रुपए नगद पुरस्कार की घोषणा भी की गई। टॉस्क के बाद एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं 9 एमएम पिस्टल को मात्र 23 सेकंड में खोलकर पुनः असेंबल कर उपस्थित पुलिस बल को प्रेरित किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा। इस अवसर पर जिले में उपलब्ध पुलिस वाहनों की स्थिति, उपयोगिता एवं रखरखाव का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को वाहनों के नियमित रखरखाव एवं बेहतर उपयोग के निर्देश दिए गए। मार्च पास्ट के बाद आयोजित पुलिस दरबार में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वेतन,अवकाश,स्वास्थ्य,मेडिकल बिल,पारिवारिक एवं विभागीय समस्याएं रखीं। पुलिस अधीक्षक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
रिपोर्टर - सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.