72 लाख की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा

कटनी - ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए ग्राम पंचायत बड़खेड़ा भरदा में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। 72 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ विधायक प्रणय पांडेय ने किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और जिला व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा।

कार्यक्रम में सरपंच रितु विकास पांडेय ने विधायक का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह स्वरूप मुरली भेंट की। बीएमओ डॉ. आनंद अहिरवार ने बताया कि भवन में डॉक्टर कक्ष, लेबर रूम, दो बिस्तरों का वार्ड, प्रतीक्षालय तथा एएनएम के लिए आवासीय सुविधा बनाई गई है। प्रथम तल पर स्टाफ नर्स के निवास की व्यवस्था की गई है। परिसर में सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र में शासन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और एएनएम की नियुक्ति की जाएगी,जिससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। कार्यक्रम में सचिव पुरुषोत्तम जायसवाल, कमलेश पांडेय,अरुण दुबे,अभिलाष पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - सुमित जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.