सोशल मीडिया वॉरियर अभियान से युवाओं को मिलेगा कांग्रेस से जुड़ने का अवसर : अमित शुक्ला
कटनी : जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के पदाधिकारियों ने "सोशल मीडिया वॉरियर अभियान" की जानकारी देते हुए इसे संगठन विस्तार और जनसंपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि सोशल मीडिया वॉरियर अभियान के माध्यम से युवाओं को कांग्रेस संगठन से जुड़ने का सीधा, खुला और सरल अवसर प्रदान किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों को वर्तमान राजनीतिक संघर्ष में सकारात्मक भूमिका निभाने का मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से राइटर, डिज़ाइनर, एडिटर्स, कार्टूनिस्ट, कवि, गजलकार, ऑथर्स, ब्लॉगर्स, मोटिवेशनल स्पीकर्स, सोशल वर्कर्स तथा एंटरटेनमेंट और लोक कला से जुड़े कलाकारों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का माध्यम बनेगा। इसके जरिए संगठन में रहकर अथवा परोक्ष रूप से कांग्रेस के लिए कार्य करने के इच्छुक लोगों को समान अवसर प्रदान किए जाएंगे। अभियान के तहत प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा से नई पीढ़ी के युवाओं को तलाशकर संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही महिला वर्ग को भी सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को सहयोग प्रदान करने का अवसर मिलेगा। पत्रकार वार्ता में बताया गया कि मीडिया जगत से जुड़े फ्रीलांस पत्रकारों, न्यूज एंकरों और इंडिपेंडेंट रिपोर्टर्स को भी एक सीधा संवाद मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने ला सकें। अभियान के माध्यम से कांग्रेस जनता के साथ अपने संवाद और पब्लिक कम्युनिकेशन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का प्रयास करेगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड अमित शुक्ला,प्रदेश उपाध्यक्ष आईटी सेल विवेक भोसले, सेवा अध्यक्ष मुकेश परोहा, ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, अभय खरे, रमेश अहिरवार, विनोद अहिरवार, हर्षित मिश्रा एवं शाहिल नामदेव सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल
No Previous Comments found.