विजयराघवगढ़ के विकास इतिहास में जुड़ा स्वर्णिम अध्याय, 4.60 करोड़ के एसटीपी प्लांट का हुआ भूमिपूजन

कटनी : विजयराघवगढ़ नगर के विकास पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उस समय उठाया गया जब स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत 4 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भूमिपूजन खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे की विशेष उपस्थिति और सक्रिय भूमिका ने इस परियोजना को नगर के विकास के नए युग की शुरुआत बना दिया। वर्षों से नगर के लोगों की यह अपेक्षा रही कि झपावन नदी को प्रदूषण से मुक्त कर स्वच्छ जलधारा के रूप में संरक्षित किया जाए। अब यह सपना साकार होने जा रहा है। नगर परिषद विजयराघवगढ़ में स्थापित होने वाला यह आधुनिक एसटीपी प्लांट नगर के नालों और सीवरेज के गंदे पानी को वैज्ञानिक तकनीक से शुद्ध करेगा तथा उपचारित जल को ही झपावन नदी में प्रवाहित किया जाएगा। इससे नदी की स्वच्छता बनी रहेगी और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी। नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत यह परियोजना विजयराघवगढ़ के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के सतत प्रयासों व मार्गदर्शन और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण नगर को यह महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है। यह परियोजना न केवल स्वच्छता अभियान को मजबूती देगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण की नींव भी रखेगी। इस अवसर पर विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि विजयराघवगढ़ के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और नगर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाने का संकल्प तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल स्वच्छ वातावरण और बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं जिन्हें उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने 10 एकड़ भूमि पर विकसित किए जाने वाले भव्य एवं ऐतिहासिक पार्क परिसर में वृक्षारोपण कर हरित विकास का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि यह पार्क भविष्य में नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा जहां परिवारों बच्चों और बुजुर्गों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सुबह-शाम लोग यहां प्रकृति की गोद में समय व्यतीत कर सकेंगे। नगरवासियों का मानना है कि एसटीपी प्लांट और प्रस्तावित पार्क परियोजना विजयराघवगढ़ के विकास इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने वाली उपलब्धियां हैं। यह केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि स्वच्छ सुंदर और विकसित विजयराघवगढ़ की नई तस्वीर गढ़ने का संकल्प है जिसे नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे और विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के नेतृत्व में साकार रूप मिलता दिखाई दे रहा है। भूमिपूजन समारोह में जनप्रतिनिधियों प्रशासनिक अधिकारियों पार्षदों भाजपा पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.