पुलिस स्मृति दिवस: कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, 13 परिजनों का सम्मान

कटनी :  कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन झिंझरी स्थित शहीद स्मारक पर ‘पुलिस स्मृति दिवस परेड’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूतों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने देशभर में बीते एक वर्ष के दौरान कर्तव्य पथ पर शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। नामावली वाचन के उपरांत परेड दल द्वारा अमर शहीदों को शस्त्र झुकाकर 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया और शोक सलामी दी गई।

शहीद परिवारों का किया आत्मीय सम्मान
समारोह में कटनी जिले के 13 अमर शहीद पुलिसकर्मियों—प्रधान आरक्षक श्रवण गर्ग, काशीराम यादव, राजेश शुक्ला, हृदय नारायण यादव, राम किशोर विश्वकर्मा, विनोद राय, प्रकाश सिंह, गया सिंह त्रिपाठी, अवधेश दुबे तथा आरक्षक राजेश गौतम, अशोक सोनी, तखत सिंह व हीरालाल केवट के परिजनों को आमंत्रित कर शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने परिजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
अधिकारी व गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
आयोजन में कलेक्टर आशीष तिवारी, एएसपी कमल मौर्य, जनप्रतिनिधि दीपक टंडन, अशोक विश्वकर्मा, एसडीएम जितेंद्र पटेल, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी आकांक्षा चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
परेड का कुशल नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सोनम उईके ने किया, जबकि 2आई/सी (सहायक कमांडर) का दायित्व रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा ने संभाला। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती सीमा जैन द्वारा किया गया।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.