शासकीय कार्य में बाधा डालना व हंगामा करना पडा़ भारी कुठला पुलिस ने कार्रवाई, कर आरोपी को भेजा जेल
कटनी : शासन की 'स्वामित्व पंजीयन योजना' के तहत जारी राजस्व विभाग के शासकीय कार्य में बाधा डालने, हंगामा व विवाद करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ कुठला थाना पुलिस ने सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 22 अक्टूबर की है। तहसील कटनी नगर के अंतर्गत ग्राम खड़ौला (पटवारी हल्का नंबर 07) में हल्का पटवारी द्वारा स्वामित्व पंजीयन का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान गांव का ही निवासी सोनू सिंह (34 वर्ष), पिता विशंभर सिंह ठाकुर, शासकीय कार्य को लेकर बेवजह विवाद करने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और हंगामा बढ़ाता रहा।
विवाद बढ़ता देख घटना की सूचना तत्काल कुठला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में था और अत्यधिक विवाद कर रहा था। पुलिस कर्मियों द्वारा समझाइश देने के बावजूद वह आम सड़क पर उत्तेजित होकर मारपीट करने पर आमादा हो गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी गंभीर संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को तुरंत अभिरक्षा में ले लिया। बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कुठला पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएसएस (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए धारा 170/126(बी) एवं 135(3) के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया। इसके पश्चात आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कटनी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.