नगर अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी ने बताया कि मंझनपुर नगर पालिका की छः महीने में बदलेगी तस्वीर

कौशाम्बी : जिले के मंझनपुर नगर पालिका का आगामी कुछ महीनों में पूरी तरह कायाकल्प होने जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार सरोज (फौजी) के प्रयासों से प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। नगर की सड़कों, गलियों, नालों और नालियों को जल्द ही चकाचक बनाने का लक्ष्य है। साथ ही, नगर पालिका के चौराहों का भी नया रूप दिया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन ने विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ठेकेदारों की एफडी की गहनता से जांच करवाई है। नगर पालिका के कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए ईओ और नगर पालिका अध्यक्ष खुद इस पर निगरानी रख रहे हैं। ठेकेदारों से पहले ही एफडी की जांच की जा रही है, और इस प्रक्रिया में "सब आल इज वेल" की स्थिति मिली है, जो विकास कार्यों के लिए शुभ संकेत है। नगर पालिका अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार सरोज (फौजी) ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य मंझनपुर नगर पालिका को साफ-सुथरा बनाना है। इसके लिए उन्होंने नगर के हर मोहल्ले में भ्रमण कर खामियों का जायजा लिया है और इसके आधार पर मास्टर प्लान तैयार किया गया है। इस प्लान के तहत प्रत्येक वार्ड में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर बाकी बचे कार्यों का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसे शासन को भेजकर बजट की डिमांड की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि छः महीने में नगर पालिका का पूरी तरह कायाकल्प हो जाएगा। इसके साथ ही, अगले तीन वर्षों में नगर के हर गली-मोहल्ले को चकाचक कर दिया जाएगा। नगर पालिका के सभी निवासियों को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ मिले, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा हैं।
रिपोर्टर : विकास
No Previous Comments found.