Kerala Election Live: मुस्लिम लीग ने 23 सीटों पर बनाई बढ़त
केरल विधानसभा चुनाव के ताज़ा रुझानों के अनुसार, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) गठबंधन का अहम घटक दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) इस बार मजबूत प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पार्टी कुल 23 सीटों पर आगे चल रही है। इनमें मंजेश्वरम, कासरगोड, कुट्टियाडी, पेरंबरा, कोझिकोड दक्षिण, कुन्नामंगलम, कोडुवल्ली, तिरुवंबदी, कोंडोट्टी, एर्नाड, मंजेरी, पेरिंथलमन्ना, मांकडा, मलप्पुरम, वेंगारा, वल्लिकुन्नु, तिरुरंगाडी, तनूर, तिरुर, कोट्टक्कल, मन्नारक्कड़, गुरुवयूर और कलामासेरी जैसी महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं। इन रुझानों से साफ संकेत मिलता है कि मलप्पुरम क्षेत्र और आसपास के इलाकों में IUML का प्रभाव इस चुनाव में भी बरकरार है और पार्टी यूडीएफ गठबंधन को मजबूत आधार देने में अहम भूमिका निभा रही है।
केरल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच धर्मदम सीट से एक बड़ा और चौंकाने वाला रुझान सामने आया है। छह राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद यहां मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल राशिद ने बढ़त बना ली है और मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन फिलहाल उनसे पीछे चल रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सीएम विजयन शुरुआत से ही मतगणना में पिछड़ते नजर आए और अब तक वह 600 से अधिक वोटों से पीछे हैं।
धर्मदम सीट पर जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ रहे हैं, मुकाबला और भी कड़ा होता जा रहा है, लेकिन फिलहाल कांग्रेस उम्मीदवार की स्थिति मजबूत दिख रही है। वहीं, मुख्यमंत्री के पीछे रहने से राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है और सभी की नजरें आगे की काउंटिंग पर टिकी हुई हैं। अभी पूरी तस्वीर साफ नहीं है, लेकिन शुरुआती रुझान इस सीट पर कड़ी टक्कर की ओर इशारा कर रहे हैं।

No Previous Comments found.